कमला नगर में अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई: आवास विकास परिषद ने पांच भवन किए सील - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 30 जुलाई 2026

कमला नगर में अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई: आवास विकास परिषद ने पांच भवन किए सील

कमला नगर में अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई: आवास विकास परिषद ने पांच भवन किए सील

आगरा। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपना अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रखते हुए कमला नगर योजना में पांच भवनों को सील कर दिया। परिषद ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले भवन स्वामियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार पाल के निर्देशन तथा अधिशासी अभियंता डी.बी. यादव के नेतृत्व में की गई। प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी.एम. खान ने बताया कि अभियंताओं द्वारा चिन्हित पांच भवनों पर स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में सीलिंग की कार्रवाई की गई।

सील किए गए भवनों में बी-507 (मनीष बंसल), बी-582 (सीता देवी), बी-608 (उमेश गोयल), डी-82 (पंकज जैन) तथा ई-725 (नीतू गुप्ता) की संपत्तियां शामिल हैं।

कर्नल जी.एम. खान ने बताया कि संबंधित भवन स्वामियों को परिषद की ओर से पहले कई बार नोटिस जारी कर स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के साथ नियमानुसार शमन की कार्रवाई कराने का अवसर दिया गया था। इसके बावजूद लगातार नोटिसों की अनदेखी किए जाने पर परिषद ने नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की।

अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार पाल ने भवन स्वामियों से अपील करते हुए कहा कि परिषद की किसी भी योजना में भवन निर्माण संबंधी नोटिस मिलने पर उसे गंभीरता से लें और समय रहते परिषद कार्यालय पहुंचकर सभी आवश्यक औपचारिकताएं एवं शमन की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने दोहराया कि परिषद की योजनाओं में अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

सीलिंग अभियान के दौरान परिषद के प्रवर्तन दल के साथ सहायक अभियंता योगेश, अवर अभियंता प्रशांत, मानचित्रक सुरेन्द्र तथा कमला नगर चौकी का पुलिस बल भी मौजूद रहा।

video

Pages