छात्रों की गूंज अभियान: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस का कलेक्ट्रेट मार्च, डीएम को सौंपा ज्ञापन - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 21 जुलाई 2026

छात्रों की गूंज अभियान: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस का कलेक्ट्रेट मार्च, डीएम को सौंपा ज्ञापन

छात्रों की गूंज अभियान: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस का कलेक्ट्रेट मार्च, डीएम को सौंपा ज्ञापन

आगरा। यूथ कांग्रेस के "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग को लेकर सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद जिलाधिकारी आगरा के माध्यम से भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष कबीर कुरैशी ने कहा कि देशभर के करोड़ों छात्र-छात्राएं परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं और परीक्षा प्रबंधन की खामियों से प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना था कि इन घटनाओं ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है और छात्रों में असुरक्षा व निराशा का माहौल पैदा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के घटनाक्रमों से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है तथा कई छात्रों ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या जैसे गंभीर कदम भी उठाए हैं। ऐसे में इसकी नैतिक जिम्मेदारी तय होना आवश्यक है।

ज्ञापन में यूथ कांग्रेस ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें। साथ ही परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए, पेपर लीक व परीक्षा संबंधी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार जल्द लागू किए जाएं तथा केंद्र सरकार छात्र संगठनों और शिक्षा विशेषज्ञों के साथ संवाद स्थापित कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करे।

इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अर्सल अहमद ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज को लगातार अनसुना करती रही तो यूथ कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से इस जनआंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

video

Pages