थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में ट्रांस यमुना पुलिस का बड़ा एक्शन, शादी का झांसा देकर महिला का शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार
जनपद आगरा:-पुलिस कमिश्नरेट आगरा के सिटी जोन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर महिला का शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार के कुशल नेतृत्व और त्वरित रणनीति के चलते संभव हो सकी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार ने तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी गौतम जाटव निवासी कलवारी, थाना जगदीशपुरा, आगरा को बस स्टैंड फाउंड्री नगर से गिरफ्तार कर लिया।
क्या था मामला
पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला के पति की मृत्यु के बाद करीब पांच वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात आरोपी गौतम जाटव से फेसबुक के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने महिला को शादी करने और उसके चारों बच्चों की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिया, जिसके बाद महिला आगरा आ गई। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने महिला का शोषण किया और उससे करीब एक लाख रुपये नकद व जेवरात भी हड़प लिए। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था और उसकी मेहनत की कमाई छीन लेता था।पीड़िता की तहरीर पर थाना ट्रांस यमुना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार, उ०नि० अमित कुमार, उ०नि० गुरविन्दर सिंह, उ०नि० विक्रान्त कुमार और हे०का० अमित कुमार की अहम भूमिका रही।