आगरा: सीडीओ का पीएम श्री विद्यालयों में औचक निरीक्षण, सफाई और पेयजल व्यवस्था पर जताई नाराजगी
आगरा के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने शनिवार को विकास खंड एत्मादपुर स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय मुखबार और पीएम श्री विद्यालय खेड़ी अड़ु का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
मुखबार विद्यालय में 169 पंजीकृत छात्रों के सापेक्ष निरीक्षण के समय 105 छात्र उपस्थित मिले। विद्यालय में कुल 9 शिक्षक तैनात हैं। निरीक्षण के दौरान श्रीमती शालिनी पचौरी और श्रीमती दीपमाला अवकाश पर मिलीं, जबकि सहायक अध्यापक सोमवीर सिंह अनुपस्थित पाए गए। प्रधानाध्यापक ने बताया कि सोमवीर सिंह मई 2018 से विद्यालय नहीं आ रहे हैं और उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई चल रही है।
निरीक्षण में विद्यालय परिसर और शौचालयों की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। इस पर सीडीओ ने ग्राम पंचायत सचिव और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बंद पड़े आरओ सिस्टम को तत्काल ठीक कर छात्रों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने को कहा।
इसके बाद सीडीओ ने पीएम श्री विद्यालय खेड़ी अड़ु का भी निरीक्षण किया। यहां भी पेयजल और साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए।
दोनों विद्यालयों में पीएम श्री योजना के तहत प्राप्त धनराशि का नियमानुसार मदवार व्यय करने, खरीदे गए सामान की स्टॉक रजिस्टर में अनिवार्य रूप से प्रविष्टि करने तथा नियमानुसार अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।