दहेज के लिए प्रताड़ना के बाद विवाहिता की मौत, पति गिरफ्तार
आगरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र में दहेज मृत्यु के मामले में पुलिस ने मृतका के पति अरफात उर्फ आबू कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की मां ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बेटी की शादी अरफात उर्फ आबू कुरैशी से हुई थी। शादी के बाद आरोपी शहीद नगर में किराये के मकान में पत्नी के साथ रहने लगा, जहां वह कथित रूप से दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार मारता-पीटता और प्रताड़ित करता था।
शिकायत के मुताबिक, घटना वाले दिन शाम करीब 4 बजे आरोपी ने मृतका की मां को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी ने फांसी लगा ली है, जिससे उसकी मौत हो गई।
पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर थाना सदर बाजार में मु.अ.सं. 401/2026 के तहत धारा 85, 115(2), 80(2) बीएनएस एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त नगर के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त सदर के पर्यवेक्षण में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पति अरफात उर्फ आबू कुरैशी को सोलंकी मार्केट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है तथा अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।