आगरा: लिफ्ट देने के बहाने जेब काटने वाला शातिर गिरफ्तार, तमंचा, ब्लेड, नकदी और बाइक बरामद
आगरा। थाना खेरागढ़ पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने राहगीरों की जेब काटने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर गिरोह का खुलासा किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी, सर्जिकल ब्लेड, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस गिरोह के दो अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 5 मई 2026 को एक किसान सरसों बेचकर मिले रुपये लेकर कागारौल चौराहे की ओर जा रहा था। मंडी गेट के पास दो युवकों ने उसे लिफ्ट देने के बहाने बाइक पर बैठाया और रास्ते में सर्जिकल ब्लेड से उसकी जेब काटकर नकदी चोरी कर ली। इस संबंध में थाना खेरागढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके अलावा 10 जून 2026 को तहसील परिसर में टाइपिंग कराने आए एक व्यक्ति की जेब से भी बातों में उलझाकर रुपये चोरी कर लिए गए थे। इस घटना के संबंध में भी थाना खेरागढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटनाओं के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने 13/14 जुलाई की रात चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर भिलावली मोड़ के पास से गोपी उर्फ गोलू, निवासी ग्राम विष्णुपुरा, थाना बाह को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, सर्जिकल ब्लेड, नकदी, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनसे पूछताछ के बाद गिरोह द्वारा की गई अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।