आगरा पुलिस की बड़ी सफलता: अंतरराज्यीय चोरी और नकबजनी गैंग के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, लाखों के जेवर और नकदी बरामद
आगरा। कमिश्नरेट आगरा में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बासौनी पुलिस, थाना बाह पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय चोरी एवं नकबजनी गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने झाऊ लालपुरा क्षेत्र में घेराबंदी कर विनोद गुर्जर (पुत्र पंचम सिंह, निवासी जोमदपुरा) तथा संदीप गुर्जर उर्फ संजू गुर्जर (निवासी ग्राम दौनारी, बाघचीनी) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का माल बरामद किया, जिसमें 32,500 रुपये नकद, एक मंगलसूत्र, एक सोने की अंगूठी, लगभग 50 ग्राम चांदी के सिक्के, कई जोड़ी बिछिया तथा चांदी की पायलें शामिल हैं। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं। इनमें गिरोह का सरगना उधो उर्फ उधम सिंह (निवासी थाना देवगढ़, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश) और परमाल गुर्जर (निवासी कठंमा, थाना गोहद, जिला भिंड, मध्य प्रदेश) शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने आगरा और आसपास के क्षेत्रों में अन्य किन-किन चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम दिया है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद बरामद सामान उसके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया जाएगा।