रोटरी क्लब ऑफ आगरा ने विद्यालय को फर्नीचर भेंट कर विद्यार्थियों को दी बेहतर शिक्षण सुविधा
आगरा। रोटरी क्लब ऑफ आगरा द्वारा सामुदायिक सेवा परियोजना के अंतर्गत पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, बीजामई, बरौली अहीर, आगरा में विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर का लोकार्पण एवं वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना तथा शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन से हुआ। क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन जितेंद्र जैन ने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में किया गया प्रत्येक योगदान राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। इसके पश्चात रोटेरियन आर. एल. भारद्वाज ने शिक्षा के क्षेत्र में रोटरी की विभिन्न सेवा परियोजनाओं एवं सामाजिक दायित्वों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर डायट प्रवक्ता डॉ मनोज वार्ष्णेय विशेष रूप से उपस्थित रहे । उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ आगरा द्वारा प्रदत्त फर्नीचर की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग प्रदर्शन एवं आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वन महोत्सव सप्ताह के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में बृहद् वृक्षारोपण भी किया गया।
रोटरी क्लब ऑफ आगरा एवं रोटेरियन गुंजन गिरीश सिंह एवं रोटेरियन गिरीश सिंह की ओर से सभी विद्यार्थियों को बिस्कुट, चिप्स, स्नैक्स केले आदि वितरित किए गए। नए फर्नीचर एवं अल्पाहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
इस अवसर पर कार्यक्रम में रोटेरियन जितेंद्र जैन (अध्यक्ष), रोटेरियन योगेश जिंदल (कम्युनिटी सर्विस डायरेक्टर), रोटेरियन आर. एल. भारद्वाज (इंटरनेशनल सर्विस डायरेक्टर), रोटेरियन भगवान कुमार गुप्ता, रोटेरियन सृष्टि जैन, रोटेरियन गुंजन गिरीश सिंह, रोटेरियन गिरीश सिंह तथा रोटेरियन पारुल गुप्ता उपस्थित रहे।