खंदौली के सेमरा ग्राम पंचायत में गंदगी से ग्रामीण परेशान, स्कूल जाने वाले बच्चों पर मंडरा रहा संक्रमण का खतरा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 19 जुलाई 2026

खंदौली के सेमरा ग्राम पंचायत में गंदगी से ग्रामीण परेशान, स्कूल जाने वाले बच्चों पर मंडरा रहा संक्रमण का खतरा

खंदौली के सेमरा ग्राम पंचायत में गंदगी से ग्रामीण परेशान, स्कूल जाने वाले बच्चों पर मंडरा रहा संक्रमण का खतरा

आगरा। खंदौली विकासखंड की ग्राम पंचायत सेमरा के मजरा नगला अर्जुन एवं बांस जोखी में गंदगी का अंबार लगा होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। गांव की गलियों और रास्तों पर जलभराव व कूड़े के ढेर के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी विद्यालय जाने वाले बच्चों को हो रही है, जिन्हें प्रतिदिन गंदगी और बदबू के बीच होकर गुजरना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, जिससे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है। उनका आरोप है कि कई बार ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, एडीओ पंचायत और बीडीओ खंदौली से सफाई कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था के नाम पर सरकारी धन खर्च दिखाया जाता है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्य दिखाई नहीं देता। उनका कहना है कि जब क्षेत्र का प्रतिनिधित्व सांसद, विधायक, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान सभी सत्ता पक्ष से हैं, तब भी गांव की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

समाजसेवी सुनील कुमार के साथ ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं कराई गई, तो वे ब्लॉक कार्यालय खंदौली का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

video

Pages