इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया युवक गिरफ्तार, खेरागढ़ पुलिस ने सकुशल किया बरामद
आगरा। खेरागढ़ थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 27 जून को पीड़िता के पिता ने थाना खेरागढ़ में अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की तहरीर दी थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर थाना खेरागढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जनपद औरैया के थाना अजीतमल क्षेत्र से आरोपी सौरव पुत्र गुपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्राम भोया तितावली, थाना सहसों, जनपद इटावा का निवासी है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी नाबालिग लड़की से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही और इसी दौरान वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी से पहले ही नाबालिग को सकुशल बरामद कर नियमानुसार उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चों और किशोरों को बहला-फुसलाने के मामलों को पुलिस अत्यंत गंभीरता से ले रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नियमित नजर रखें, उन्हें अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क न करने के लिए जागरूक करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी हरीश कुमार, उपनिरीक्षक नीरज कुमार, उपनिरीक्षक विकास धारीवाल, महिला उपनिरीक्षक शिवा शर्मा तथा महिला आरक्षी रिया शामिल रहीं।