आगरा में बिल्डर के खिलाफ फूटा फ्लैट मालिकों का गुस्सा, बोले- लाखों खर्च किए, फिर भी नहीं मिल रहीं बुनियादी सुविधाएं - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 2 जुलाई 2026

आगरा में बिल्डर के खिलाफ फूटा फ्लैट मालिकों का गुस्सा, बोले- लाखों खर्च किए, फिर भी नहीं मिल रहीं बुनियादी सुविधाएं

आगरा में बिल्डर के खिलाफ फूटा फ्लैट मालिकों का गुस्सा, बोले- लाखों खर्च किए, फिर भी नहीं मिल रहीं बुनियादी सुविधाएं

आगरा। शहर की पारस पर्ल्स एक्सटेंशन सोसाइटी के निवासियों ने बुधवार को बिल्डर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। फ्लैट मालिकों का आरोप है कि हर माह 3 से 4 हजार रुपये मेंटेनेंस शुल्क वसूलने के बावजूद उन्हें बिजली, सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। अपनी मांगों को लेकर सोसाइटी के पदाधिकारियों और निवासियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर उपजिलाधिकारी प्रवेश वर्मा तथा पुलिस लाइन में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार को ज्ञापन सौंपा।

सोसाइटी के अध्यक्ष विकास गर्ग ने बताया कि पारस पर्ल्स एक्सटेंशन में करीब 150 फ्लैट हैं। उनका आरोप है कि बिल्डर फ्लैट मालिकों को टोरंट पावर का व्यक्तिगत बिजली कनेक्शन नहीं लेने देता। बिल्डर ने स्वयं एक कनेक्शन ले रखा है और उसी के माध्यम से निजी मीटर लगाकर अधिक दरों पर सभी फ्लैटों में बिजली की आपूर्ति की जा रही है।

महासचिव आशीष जैन और उपाध्यक्ष नीरज जैन ने बताया कि फ्लैट बेचते समय बिल्डिंग में सात लिफ्ट लगाने का दावा किया गया था, लेकिन केवल तीन लिफ्ट ही स्थापित की गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिल्डिंग के पास अग्निशमन विभाग की एनओसी और आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) से आवश्यक पूर्णता प्रमाणपत्र (सीसीओसी) भी उपलब्ध नहीं है।

सोसाइटी के सदस्य विपिन गोयल ने कहा कि हर महीने हजारों रुपये मेंटेनेंस शुल्क देने के बावजूद परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी बदहाल है। अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं और भवन निर्माण के बाद से अब तक पूरी बिल्डिंग का पेंट भी नहीं कराया गया है।

निवासियों ने प्रशासन से बिल्डर के खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सोसाइटी में सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है। पुलिस ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से डॉ. अशोक गर्ग, जितेंद्र गर्ग, प्रेमचंद जैन, अभिषेक अग्रवाल, अभिषेक गोयल, आशीष जैन, विकास गर्ग, नीरज जैन, हरीश करीरा, अभिसार अग्रवाल, साहिल महाजन, भावेश जैन, दुर्गेश अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, विपिन गोयल, अशोक अग्रवाल, महेंद्र खंडेलवाल, दीपक ठाकुर, अंकित गर्ग, विनोद कपूर, संजय गर्ग, आशुतोष गोयल, विजय गुप्ता, अमित अग्रवाल, जयदीप टंडन, जय प्रकाश, पुनीत आनंद, राजेश यादव, मानव गर्ग, सिद्धार्थ जैन, मोहित गोयल सहित बड़ी संख्या में फ्लैट मालिक मौजूद रहे।

video

Pages