आगरा में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी ने पंचायत में मारे दो थप्पड़, पति ने चाकू से गोदकर की हत्या
आगरा। ताजनगरी में मंगलवार को घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ताजगंज क्षेत्र में पंचायत के दौरान पत्नी द्वारा दो थप्पड़ मारे जाने से नाराज पति ने कुछ घंटे बाद चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, डौकी के नौमील निवासी रणवीर की शादी करीब 21 वर्ष पहले ताजगंज की पुरानी मंडी निवासी कुंती से हुई थी। दंपति के एक 14 वर्षीय बेटा और 13 वर्षीय बेटी हैं। पारिवारिक विवाद के चलते दोनों के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी और करीब आठ महीने पहले कुंती अपने मायके आकर रहने लगी थी।
मंगलवार सुबह रणवीर अपने पिता के साथ पत्नी के मायके पहुंचा, जहां दोनों परिवारों के बीच समझौता कराने के लिए पंचायत हुई। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि पंचायत समाप्त होने के दौरान कुंती ने गुस्से में रणवीर के गाल पर दो थप्पड़ मार दिए। इसके बाद रणवीर अपने पिता को लेकर वहां से चला गया।
आरोप है कि रणवीर ने रास्ते में करीब 40 रुपये का चाकू खरीदा और शाम लगभग चार बजे दोबारा पत्नी के मायके पहुंच गया। वह सीधे कमरे में गया, जहां कुंती मौजूद थी। उसने कुंती को घसीटकर बरामदे में लाया और चाकू से उस पर कई वार कर दिए।
कुंती की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा आरोपी रणवीर को पकड़ लिया। गंभीर रूप से घायल कुंती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना से जुड़े सभी तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।