आगरा: चोरी की मोटरसाइकिल समेत दो आरोपी गिरफ्तार, धौलपुर से चोरी हुई थी बाइक
आगरा। अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना बसई जगनेर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद बाइक राजस्थान के धौलपुर जिले से चोरी की गई थी।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त खेरागढ़ के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना बसई जगनेर पुलिस टीम चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कोट बॉर्डर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना बसई जगनेर में मु.अ.सं. 34/2026 के तहत धारा 35, 106, 317(2) एवं 317(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल का सत्यापन करने पर पता चला कि यह वाहन मु.अ.सं. 222/2024, धारा 379 भादवि, थाना कोतवाली, जनपद धौलपुर (राजस्थान) में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि उनका किसी अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह से संबंध तो नहीं है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।