आगरा: टोरेंट पावर की रात्रिकालीन चेकिंग के विरोध में सपा युवजन सभा ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
आगरा। समाजवादी पार्टी युवजन सभा महानगर इकाई ने शहर में टोरेंट पावर की रात्रिकालीन चेकिंग अभियान को लेकर जिलाधिकारी के नाम कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष इमरान कुरेशी और फहीम चौधरी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने आम जनता की समस्याओं को उठाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से सपा युवजन सभा ने आरोप लगाया कि टोरेंट पावर के अधिकारी चेकिंग के नाम पर देर रात बड़ी संख्या में कर्मचारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन जाता है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में बिना पर्याप्त जांच के लोगों पर बिजली चोरी के आरोप लगाए जाते हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जिस प्रकार टोरेंट पावर की टीमें आधी रात को बड़ी संख्या में मोहल्लों में पहुंच रही हैं, उससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। यदि ऐसी कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना या माहौल खराब होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
सपा युवजन सभा ने जिलाधिकारी से मांग की कि टोरेंट पावर की चेकिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए तथा आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान करने वाली कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
इस दौरान समाजवादी पार्टी युवजन सभा के महानगर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।