गुरु रविदास जयंती पर आठ माह तक चलेगा समरसता संकल्प अभियान, भाजपा महानगर ने की कार्यशाला
आगरा। भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर द्वारा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समरसता संकल्प अभियान को लेकर मंगलवार को लोहामंडी रोड स्थित जैन स्मृति भवन में महानगर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का नेतृत्व भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने किया, जबकि छावनी विधानसभा के विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राजकुमार गुप्ता, डॉ. जी.एस. धर्मेश, राहुल सागर, अनीता खरे, बॉबी लाले, अनिल सारस्वत सहित अन्य पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशन में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर देशभर में आठ माह तक समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक मंडल के पांच रविदास मंदिरों में पूजा-अर्चना, दीपोत्सव और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आगरा महानगर के सभी 22 मंडलों में 29 जुलाई से दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। मंदिरों को फूल बंगले और आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा।
राजकुमार गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने संस्थापकों के साथ-साथ सभी महापुरुषों और संतों की जयंती एवं बलिदान दिवस पर सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करती है। सभी महापुरुषों और संतों का सम्मान करना भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रमुख दायित्व है।
विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को भक्ति, समरसता और समानता का संदेश दिया तथा लोगों को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर ने भी संत रविदास के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया।
कार्यशाला में राहुल सागर, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, अनीता खरे, मनवीर चौहान, राजू परमार, दीपू जादौन, नवीन गौतम, रोहित कत्याल, अनिल सारस्वत, विक्रांत तिवारी, डॉ. निधि शर्मा, माधुरी माहौर, अंजू गर्ग, हेमा चौहान, विकास भारद्वाज, मुकेश गुप्ता, विकास गुप्ता, विजय श्रीवास्तव, बॉबी लाले, के.के. सिकरवार, बंटी धाकड़, दीक्षा बघेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।