घेवर बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग, पिता-पुत्र समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलसे, आगरा रेफर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 28 जुलाई 2026

घेवर बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग, पिता-पुत्र समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलसे, आगरा रेफर

घेवर बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग, पिता-पुत्र समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलसे, आगरा रेफर

आगरा। जनपद के बाह क्षेत्र स्थित जरार कस्बे में सोमवार को घेवर बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची थाना बाह पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी को आगरा रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, जरार कस्बे में घेवर बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटों ने वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

हादसे में धीरज (30) पुत्र मुकेश कुमार, भूरा पुत्र इस्माइल, राजेश (45) पुत्र रूप सिंह, प्रमोद (50) पुत्र जनक सिंह तथा मुकेश (55) पुत्र रामचरन, सभी निवासी जरार, गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

सूचना मिलते ही थाना बाह पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर नियंत्रण पाया। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद पूरे जरार कस्बे में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल रहा। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर से आग लगने की आशंका जताई गई है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

video

Pages