DM मनीष बंसल का सरकारी स्कूलों पर औचक निरीक्षण, एक स्कूल की तारीफ तो दूसरे की प्रधानाध्यापिका निलंबित - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 4 जुलाई 2026

DM मनीष बंसल का सरकारी स्कूलों पर औचक निरीक्षण, एक स्कूल की तारीफ तो दूसरे की प्रधानाध्यापिका निलंबित

DM मनीष बंसल का सरकारी स्कूलों पर औचक निरीक्षण, एक स्कूल की तारीफ तो दूसरे की प्रधानाध्यापिका निलंबित

आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शुक्रवार को स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण के तहत दो सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय छीपीटोला की व्यवस्थाएं उत्कृष्ट मिलने पर पूरे स्टाफ को प्रशस्ति पत्र देने के निर्देश दिए गए, जबकि पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय रोहता में गंभीर अव्यवस्थाएं मिलने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापिका सुनीता सक्सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, चार्जशीट जारी करने और शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए।

छीपीटोला स्कूल में बच्चों से पढ़ाई कराई, मिड-डे मील भी चखा

जनसुनवाई के बाद डीएम सीधे प्राथमिक विद्यालय छीपीटोला पहुंचे। यहां उन्होंने कक्षाओं का निरीक्षण कर बच्चों से हिंदी, अंग्रेजी, पहाड़े और गिनती सुनी। बच्चों के प्रदर्शन से संतुष्ट होकर उन्होंने खुद ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाया। स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी और मिड-डे मील का निरीक्षण किया तथा भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई। विद्यालय की बेहतर व्यवस्था से खुश होकर पूरे स्टाफ को प्रशस्ति पत्र देने के निर्देश दिए।

रोहता स्कूल में खुली लापरवाही की पोल

इसके बाद डीएम पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय रोहता पहुंचे, जहां कई गंभीर खामियां सामने आईं। 235 नामांकित छात्रों के मुकाबले निरीक्षण के समय केवल 108 छात्र उपस्थित मिले। रसोई में राशन अव्यवस्थित मिला, स्मार्ट टीवी उपयोग में नहीं थी, खेल सामग्री बेकार पड़ी थी और कक्षा के समय कई बच्चे बाहर खेलते मिले। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई भी खराब पाई गई।

शिक्षकों ने नहीं खाया मिड-डे मील, डीएम हुए नाराज

निरीक्षण के दौरान जब डीएम ने शिक्षकों से पूछा कि क्या वे बच्चों के साथ मिड-डे मील करते हैं, तो सभी शिक्षकों ने बताया कि वे घर से लाया हुआ भोजन खाते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।

प्रधानाध्यापिका निलंबित, दोबारा होगा निरीक्षण

लगातार लापरवाही, कमजोर शैक्षणिक व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में कमी मिलने पर डीएम ने इंचार्ज प्रधानाध्यापिका सुनीता सक्सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, चार्जशीट जारी करने और शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।

साथ ही बीडीओ, एडीओ पंचायत और खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर बुलाकर विद्यालय की तत्काल सफाई, सभी कमियों को दूर करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में सुधार के बाद विद्यालय का दोबारा औचक निरीक्षण किया जाएगा।

video

Pages