मतदेय स्थलों के सम्माजन (Rationalization) के प्रस्तावों पर 12 जुलाई तक आमजन से मांगे गए सुझाव एवं आपत्तियां
1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर होगा मतदेय स्थलों का सम्माजन
प्रस्तावित मतदेय स्थलों की सूची जारी, डीईओ पोर्टल व जिला निर्वाचन कार्यालय में कर सकते हैं निरीक्षण
पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था के लिए नागरिकों से प्रस्तावित सूची पर सुझाव देने की अपील
आगरा:-उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने अवगत कराया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र दिनांक 23 जून, 2026 के अनुपालन में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों का सम्माजन (Rationalization) 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों से प्राप्त मतदेय स्थलों की प्रस्तावित सूची का आलेख प्रकाशन दिनांक 04 जुलाई, 2026 को कर दिया गया है। उक्त प्रस्तावित सूची का निःशुल्क निरीक्षण जनसामान्य द्वारा जिला निर्वाचन कार्यालय, आगरा, संबंधित तहसील मुख्यालयों तथा डीईओ पोर्टल पर किया जा सकता है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति, संस्था अथवा जनप्रतिनिधि को प्रस्तावित मतदेय स्थलों के संबंध में कोई आपत्ति अथवा सुझाव प्रस्तुत करना हो, तो वे अपना अभिमत दिनांक 12 जुलाई, 2026 तक लिखित रूप में जिला निर्वाचन कार्यालय, आगरा अथवा संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में जमा करा सकते हैं।
उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि मतदेय स्थलों के सम्माजन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित सूची का अवलोकन कर समयावधि के भीतर अपने सुझाव एवं आपत्तियां उपलब्ध कराएं।
-------------