सेल्फी लेने के बाद 11 माह की बेटी को यमुना में फेंकने का आरोप, 30 घंटे बाद भी तलाश जारी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 16 अगस्त 2026

सेल्फी लेने के बाद 11 माह की बेटी को यमुना में फेंकने का आरोप, 30 घंटे बाद भी तलाश जारी

सेल्फी लेने के बाद 11 माह की बेटी को यमुना में फेंकने का आरोप, 30 घंटे बाद भी तलाश जारी

आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र के नेरे गांव के पास यमुना नदी में 11 माह की बच्ची को कथित तौर पर फेंके जाने के मामले में 30 घंटे बाद भी बच्ची का पता नहीं चल सका है। पुलिस और बचाव दल द्वारा यमुना में बच्ची की तलाश जारी है। परिजनों के मुताबिक, बच्ची वंशिका का पहला जन्मदिन 17 अगस्त को था।

जानकारी के अनुसार, नेरे गांव निवासी रिंकू शुक्रवार दोपहर अपनी पत्नी लक्ष्मी को खरीदारी कराने की बात कहकर बाइक से सिकंदरा की ओर निकला था। लक्ष्मी के पास पूजा का सामान था, जिसे यमुना में प्रवाहित करने के लिए रिंकू ने बाइक रोक दी। आरोप है कि रिंकू ने अपनी 11 माह की बेटी वंशिका को गोद में लिया और उसके साथ सेल्फी लेने के बाद उसे यमुना में फेंक दिया।

इसके बाद रिंकू ने पत्नी लक्ष्मी को भी यमुना में फेंकने का प्रयास किया। लक्ष्मी ने रेलिंग पकड़कर खुद को बचा लिया। घटना देखकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने रिंकू को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

आवेश में आकर बेटी को फेंकने की बात कही

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, रिंकू को मौके से पकड़ लिया गया था। पूछताछ में उसने बताया कि उसने आवेश में आकर बेटी वंशिका को यमुना में फेंक दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, रिंकू और लक्ष्मी की शादी 15 जून 2024 को हुई थी। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था और इसी वजह से लक्ष्मी कुछ समय तक अपने पति से अलग भी रही थी।

पत्नी पर शक को लेकर होता था विवाद

परिजनों के अनुसार, रिंकू को अपनी पत्नी पर शक था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। लक्ष्मी के मायके पक्ष का आरोप है कि रिंकू कोई नियमित काम नहीं करता था और मोबाइल पर देर रात तक क्राइम आधारित वेब सीरीज देखता रहता था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है।

बच्ची के परिजनों का कहना है कि 17 अगस्त को वंशिका का पहला जन्मदिन था, लेकिन जन्मदिन से कुछ दिन पहले ही उसके यमुना में लापता होने से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस एवं बचाव दल द्वारा नदी में बच्ची की तलाश लगातार जारी है।

video

Pages