ताजमहल में तिरंगा लहराने पहुंचे हिंदू महासभा कार्यकर्ता, CISF ने पकड़ा
आगरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को ताजमहल परिसर में तिरंगा लहराया। तिरंगा लहराने के बाद सीआईएसएफ ने महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीतू ठाकुर और मनीष पंडित को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना से जुड़े वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।
अखिल भारत हिंदू महासभा लंबे समय से ताजमहल को ‘तेजो महालय’ बताते हुए इसे शिव मंदिर होने का दावा करती रही है। संगठन की ओर से श्रावण मास में ताजमहल में कांवड़ यात्रा निकालने, भगवा ध्वज फहराने और पूजा-अर्चना की अनुमति की मांग भी की जाती रही है।
इससे पहले श्रावण मास के प्रथम सोमवार को अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारी ताजमहल में जलाभिषेक करने पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें पश्चिमी गेट के पास ही रोक दिया था। इस दौरान पुलिस और संगठन के पदाधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई थी। बाद में पुलिस सुरक्षा के बीच कांवड़ियों को राजेश्वर महादेव मंदिर ले जाकर जलाभिषेक कराया गया था।
शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महासभा की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीतू ठाकुर और मनीष पंडित ने ताजमहल परिसर में तिरंगा लहराया। सीआईएसएफ ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने कहा, “जब हर घर तिरंगा लहराया जाएगा तो फिर हमारा ताजमहल कैसे तिरंगे से अछूता रहेगा। वहां हमने तिरंगा लहराया है।”
घटना के बाद ताजमहल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।