आगरा पुलिस का बड़ा खुलासा: 11 लग्जरी कारों के साथ अंतर्राज्यीय हाईटेक कार चोर गैंग गिरफ्तार, 8 शातिर दबोचे
आगरा। आगरा पुलिस कमिश्नरेट को वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। थाना लोहामंडी पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय हाईटेक कार चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 1.86 करोड़ रुपये कीमत की विभिन्न कंपनियों की 11 लग्जरी कारें, 19 रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, 9 मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरोह दिल्ली, आगरा और मथुरा समेत कई शहरों में कार चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस के मुताबिक, करीब एक माह पहले जयपुर हाउस निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जून की रात घर के बाहर खड़ी उनकी होंडा डब्ल्यूआर-वी (WR-V) कार चोरी हो गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद थाना लोहामंडी पुलिस ने सर्विलांस और एसओजी के साथ मिलकर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर जूता प्रदर्शनी के सामने बैरियर लगाकर वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध आई-20 कार को रोका गया।
कार सवार सत्यम यादव और विवेक रावत से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर जयपुर हाउस से होंडा WR-V कार चोरी की थी। इसी दौरान उन्होंने बताया कि उनका एक साथी दिल्ली से चोरी की गई थार लेकर आने वाला है। कुछ देर बाद पुलिस ने थार को भी रोक लिया और चालक संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने भी कार चोरी की बात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पथौली नहर के आगे ओवरब्रिज के नीचे छापा मारकर रंजीत यादव, अजय पाल, रविकांत, अनुभव त्रिपाठी और पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी की नौ अन्य कारें बरामद हुईं। इस तरह पुलिस ने कुल 11 लग्जरी कारें बरामद कर गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह हाईटेक डिवाइस की मदद से घरों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी कारों का लॉक खोलकर चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट और चेसिस नंबर मिटाकर फर्जी नंबर लगाए जाते थे, फिर उन्हें बाजार में बेच दिया जाता था। गिरोह दिल्ली, आगरा, मथुरा सहित कई शहरों में सक्रिय था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम यादव (सीतापुर), विवेक रावत (लखनऊ), संतोष कुमार (बस्ती), रंजीत यादव (बस्ती), अजय पाल (बस्ती), रविकांत (बस्ती), अनुभव त्रिपाठी (हरदोई) और पंकज कुमार (बस्ती) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्य अभिषेक बाजपेई उर्फ सत्यम, पेंटर उर्फ फैजान, अभिनव, श्याम किशोर और प्रिंस अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।