फर्जी नाम से दोस्ती, अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल... आगरा में किशोरी की आत्महत्या मामले में आरोपी फैजान गिरफ्तार
आगरा। शमशाबाद थाना पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने नाबालिग किशोरी को फर्जी पहचान बताकर अपने जाल में फंसाने, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में आरोपी फैजान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फिरोजाबाद का रहने वाला है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले फैजान की पहचान एक छात्रा के माध्यम से किशोरी से हुई थी। उस समय किशोरी का परीक्षा केंद्र घर से दूर था और फैजान कई बार उसे परीक्षा केंद्र छोड़ने गया। इसी दौरान उसने किशोरी का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और खुद को 'राहुल' बताकर उससे बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे उसने विश्वास जीतकर किशोरी के निजी फोटो और वीडियो प्राप्त कर लिए।
जांच में सामने आया कि करीब दो महीने पहले किशोरी को पता चला कि 'राहुल' के नाम से बात करने वाला युवक वास्तव में फैजान है। इसके बाद किशोरी ने उससे संपर्क समाप्त कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
लगातार मानसिक प्रताड़ना और बदनामी के डर से किशोरी गहरे तनाव में रहने लगी। उसने पूरी बात अपने परिवार को बताई, जिसके बाद परिजनों ने उसकी काउंसलिंग भी कराई। इसके बावजूद वह मानसिक दबाव से बाहर नहीं निकल सकी और 1 अगस्त को उसने विषाक्त पदार्थ (कीटनाशक) का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 2 अगस्त को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
किशोरी की मौत के बाद उसके पिता की तहरीर पर शमशाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी फैजान की भूमिका सामने आने पर शमशाबाद थाना पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी सुरेंद्र राव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।