आगरा में एक दिन में 1478 यूनिट रक्तदान, व्यापार मंडल ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 17 अगस्त 2026

आगरा में एक दिन में 1478 यूनिट रक्तदान, व्यापार मंडल ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

आगरा में एक दिन में 1478 यूनिट रक्तदान, व्यापार मंडल ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

रक्तदान शिविर में उमड़ा व्यापारी समाज, 80 प्रतिशत से अधिक रही Gen Z की भागीदारी; जनसेवा के इस अभियान ने बनाया नया कीर्तिमान

आगरा। आगरा व्यापार मंडल ने अपने चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर में अपने ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए एक ही दिन में 1478 यूनिट रक्तदान कर नया इतिहास रच दिया। दरेसी स्थित रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित इस विशाल शिविर में व्यापारी समाज, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शिविर की सबसे खास बात यह रही कि रक्तदान करने वालों में करीब 80 प्रतिशत Gen Z युवाओं की भागीदारी रही। युवाओं की इस बड़ी भागीदारी ने न सिर्फ कार्यक्रम को विशेष बनाया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि नई पीढ़ी सामाजिक जिम्मेदारियों और मानव सेवा के कार्यों में पूरी तरह आगे है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, एमएलसी विजय शिवहरे, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक रामबाबू हरित सहित अन्य अतिथियों ने पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम : एसपी सिंह बघेल

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। आगरा व्यापार मंडल द्वारा 1478 यूनिट रक्तदान कर समाज के सामने सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया है।

व्यापारी समाज की एकजुटता का प्रमाण : योगेंद्र उपाध्याय

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आगरा का व्यापारी समाज हमेशा सामाजिक सरोकारों में अग्रणी रहा है। अपने ही रक्तदान रिकॉर्ड को तोड़कर 1478 यूनिट रक्तदान करना व्यापारी समाज की एकजुटता और सेवा भावना का प्रमाण है। ऐसे आयोजन समाज के अन्य वर्गों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पूर्व विधायक रामबाबू हरित, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग एवं एमएलसी विजय शिवहरे ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए आगरा व्यापार मंडल के इस सेवा अभियान की सराहना की।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र गुप्ता ने आगरा व्यापार मंडल को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि 1478 यूनिट का आंकड़ा सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन की उम्मीद है।

व्यापारी समाज की एकजुटता से बना रिकॉर्ड : टीएन अग्रवाल

आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, सदस्य संस्थाओं, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे व्यापारी समाज की सामूहिक शक्ति और सेवा भावना का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल ने अपने सामाजिक दायित्व को निभाते हुए यह संदेश दिया है कि व्यापारी समाज जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

लोकहितम ब्लड बैंक ने संभाली चिकित्सा व्यवस्था

रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं की सुविधा और सुरक्षित रक्तदान के लिए लोकहितम ब्लड बैंक, कमला नगर की ओर से आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं तकनीकी स्टाफ की देखरेख में रक्तदाताओं का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त संग्रह किया गया।

डॉ. नीतू चौहान के नेतृत्व में एसएन मेडिकल कॉलेज की ब्लड बैंक टीम का भी विशेष सहयोग रहा।

1478 यूनिट रक्तदान का यह रिकॉर्ड आगरा के व्यापारी समाज की सेवा भावना, युवाओं की भागीदारी और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बन गया।

video

Pages