मिशन शक्ति-5.0" महिलाओं पर अश्लील गाने और फब्तियां कसने वाला मनचला चढ़ा एत्मादपुर पुलिस के हत्थे
एत्मादपुर (आगरा) आगरा पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति-5.0’ अभियान के तहत एत्मादपुर पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने क्षेत्र में महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील गाने व फब्तियां कसने के आरोपी मनचले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस आयुक्त और प्रभारी पुलिस आयुक्त (पश्चिमी) के निर्देशन में मिशन शक्ति की विशेष टीमें क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही हैं। इसी क्रम में 15 अगस्त को गश्त व चेकिंग के दौरान एत्मादपुर पुलिस टीम ने द्वारिका पुरम कॉलोनी, बरहन रोड से एक युवक को महिलाओं के साथ अमर्यादित आचरण करने के आरोप में पकड़ा।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान छोटू पुत्र दीपचन्द, निवासी चंदीरा थाना रामगढ़ जिला फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना एत्मादपुर में मुकदमा संख्या-312/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस का मामला पंजीकृत किया है।
पुलिस टीमें स्कूल, कॉलेज और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नारियों को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन का संदेश देने के साथ ही आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों 1090, 1076, 1098, 112, 181 और 190 की जानकारी देकर उनके उपयोग के लिए प्रेरित कर रही हैं।