शमशाबाद में छिनैती की वारदातों का खुलासा, दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार; तमंचा, कारतूस, नकदी और अपाचे बरामद
आगरा। थाना शमशाबाद पुलिस टीम और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त कार्रवाई में छिनैती की घटनाओं में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7,300 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार थाना शमशाबाद में एक पीड़ित ने तहरीर देकर बताया था कि रात करीब 11 बजे वह अपने घर वापस जा रहा था। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और जबरदस्ती उसका मोबाइल फोन, 7,000 रुपये नकद तथा बाइक छीनकर फरार हो गए। मामले में थाना शमशाबाद पर मु0अ0सं0 0217/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वहीं, एक अन्य घटना में पीड़ित ने बताया कि वह बाइक से गांव जा रहा था। रास्ते में राहुल पुत्र पोहप सिंह, अरविन्द पुत्र लटूरी सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोककर जबरन 7,000 रुपये नकद छीन लिए और 3,000 रुपये पेटीएम के माध्यम से ट्रांसफर करा लिए। इस संबंध में थाना शमशाबाद पर मु0अ0सं0 0219/26, धारा 308(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा एवं अपर पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा के निर्देशन में तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन श्री अभिषेक अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में घटनाओं के अनावरण के लिए सहायक पुलिस आयुक्त शमशाबाद एवं सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद द्वारा थाना शमशाबाद पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में पुलिस टीम थाना क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मरहमपुर कट के पास से राहुल पुत्र पोहप सिंह और अरविन्द पुत्र लटूरी सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 7,300 रुपये नकद, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
वहीं, अभियुक्त राहुल के कब्जे से अवैध तमंचा बरामद होने के संबंध में थाना शमशाबाद पर मु0अ0सं0 220/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
संयुक्त पुलिस टीम की इस कार्रवाई से छिनैती की घटनाओं के खुलासे के साथ ही क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संदेश गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।