दो भाई गिरफ्तार, तीसरा फरार: एत्मादपुर में मारपीट के बाद मौत का मामला, लखनामई से 2 हत्यारोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 16 अगस्त 2026

दो भाई गिरफ्तार, तीसरा फरार: एत्मादपुर में मारपीट के बाद मौत का मामला, लखनामई से 2 हत्यारोपी गिरफ्तार

दो भाई गिरफ्तार, तीसरा फरार: एत्मादपुर में मारपीट के बाद मौत का मामला, लखनामई से 2 हत्यारोपी गिरफ्तार

जनपद आगरा। थाना एत्मादपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखनामई में जून माह में हुई भीषण मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हमले में गंभीर रूप से घायल पीड़ित की इलाज के दौरान मृत्यु हो जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद हरकत में आई एत्मादपुर पुलिस टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आपराधिक मानव वध में वांछित दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 6 जून को लखनामई निवासी वादी पर गांव के ही तीन दबंगों ऋषिपाल, कृष्णपाल और अरुण ने पुरानी रंजिश को लेकर जान से मारने की नियत से लाठी-डंडों से अचानक हमला कर दिया था। इस दौरान दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए वादी को बेरहमी से पीटा, जिससे उसके हाथ और पैर में गंभीर फ्रैक्चर आ गए। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए थे।

घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना एत्मादपुर में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। लेकिन इलाज के दौरान गंभीर चोटों के कारण घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। पीड़ित की मौत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे में  भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (आपराधिक मानव वध) की बढ़ोत्तरी कर दी और आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान तेज कर दिया।

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट आगरा के निर्देश, प्रभारी पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी जोन) के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त एत्मादपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम शुक्रवार को क्षेत्र में चेकिंग व गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम लखनामई से घटना में शामिल दो आरोपियों ऋषिपाल सिंह और कृष्णपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी एक ही गांव के निवासी हैं। जिसमें एक आरोपी अरुण कुमार पुत्र जगत सिंह निवासी ग्राम लखनामई थाना एत्मादपुर आगरा फरार चल रहा है। फरार आरोपी की पकड़ के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है। 

कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह थाना एत्मादपुर कमिश्नरेट आगरा, एसआई पुष्पेन्द्र सिंह थाना एत्मादपुर, एसआई शुभम कुमार थाना एत्मादपुर, कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह (थाना एत्मादपुर शामिल रहे।

video

Pages