2027 में आगरा की सभी विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी सपा: शब्बीर अब्बास
आगरा। समाजवादी पार्टी आगरा महानगर के तत्वावधान में आयोजित पीडीए (PDA) कार्यकर्ता सम्मेलन में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने छावनी विधानसभा के पदाधिकारियों और प्रभारियों की संगठनात्मक समीक्षा करते हुए आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया।
प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों का उत्पीड़न, बढ़ती बेरोजगारी, किसानों के साथ अन्याय, खाद की कमी और बिगड़ती कानून व्यवस्था वर्तमान सरकार की पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सत्ता के लिए नहीं, बल्कि गरीब, किसान, नौजवान, महिला और वंचित समाज के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि आगरा महानगर का प्रत्येक समाजवादी पूरी ताकत, समर्पण और संघर्ष के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और आगरा की सभी विधानसभा सीटों पर पार्टी ऐतिहासिक विजय दर्ज करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों और पीडीए के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।