आगरा में एफएसडीए का बड़ा अभियान, आटा-मैदा के 7 नमूने जांच को भेजे, 1500 किलो गेहूं का आटा सीज
आगरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को शहर के विभिन्न आटा निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आटा और मैदा के सात नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि करीब 1500 किलोग्राम गेहूं का आटा सीज कर लिया गया।
एफएसडीए की टीम ने बसई खुर्द, इरादतनगर, शमशाबाद रोड स्थित मैसर्स श्याम भोग एंटरप्राइजेज से गेहूं के आटे का एक विधिक नमूना लिया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर मौजूद लगभग 1,498 किलोग्राम गेहूं का आटा, जिसकी अनुमानित कीमत 42,693 रुपये है, को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार अभिग्रहित (सीज) कर दिया गया।
इसके अलावा फतेहपुर सीकरी, एत्मादपुर, उस्मानपुर, बोदला और पीर कल्याण क्षेत्र स्थित आटा एवं मैदा निर्माण तथा विक्रय प्रतिष्ठानों से भी नमूने एकत्र किए गए। सभी सात नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
एफएसडीए अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।