भोले बाबा मंदिर से चोरी घंटों का 24 घंटे में खुलासा, इरादतनगर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
आगरा। थाना इरादतनगर पुलिस ने भोले बाबा मंदिर से पीतल के घंटे चोरी होने की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए पीतल के पांच घंटे बरामद किए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मंदिर चोरी की घटना का सफल अनावरण हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्राम इनायतपुर सढ़बारा निवासी ने थाना इरादतनगर में तहरीर देकर बताया था कि 23 अगस्त 2026 को गांव के प्रसिद्ध भोले बाबा मंदिर से अज्ञात चोर पीतल के घंटे चोरी कर ले गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अनछीपुरा की ओर नहर की पटरी के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए पांच पीतल के घंटे बरामद हो गए।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कमलेश पुत्र पीतम सिंह, निवासी इनायतपुर अड्डा सढ़वारा, थाना इरादतनगर, कमिश्नरेट आगरा के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के बाद अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इरादतनगर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद कर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अपनी तत्परता और प्रभावी कार्रवाई का परिचय दिया है।