बटेश्वर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु की जेब से मोबाइल चोरी, बाह पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपी दबोचे
आगरा। थाना बाह क्षेत्र में बटेश्वर मंदिर दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु की जेब से मोबाइल चोरी करने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। थाना बाह पुलिस टीम ने चोरी की घटना में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, वादी बटेश्वर मंदिर पर दर्शन करने के लिए गया था। इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने उसकी जेब से मोबाइल फोन चोरी कर लिया। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाना बाह में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 183/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट आगरा के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के कुशल नेतृत्व तथा सहायक पुलिस आयुक्त बाह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों को आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में थाना बाह पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्रमपुर तिराहे से अंशुल पुत्र रमेश बाबू और सोहित उर्फ साहिल पुत्र बबलू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक रेडमी मोबाइल फोन, जिसे चोरी का बताया गया है, तथा 2,210 रुपये की नकदी बरामद की। बरामद मोबाइल और नकदी के संबंध में दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
थाना बाह पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा होने के साथ दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास और उनके द्वारा की गई अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।