ऑपरेशन क्लीन के तहत आगरा में 4,560 लीटर अवैध शराब नष्ट, कीमत 45.37 लाख रुपये
आगरा। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन के तहत थाना एत्मादपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यायालय के आदेश पर भारी मात्रा में अवैध शराब का विधिक रूप से विनष्टीकरण कराया। पुलिस ने कुल 4,560 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख 37 हजार रुपये बताई गई है, को जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त पश्चिमी और सहायक पुलिस आयुक्त एत्मादपुर के पर्यवेक्षण में थाना एत्मादपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन क्लीन के अंतर्गत माल निस्तारण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम से संबंधित मामलों में बरामद एवं न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत माल के निस्तारण की कार्रवाई की गई।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 4,515 लीटर अंग्रेजी शराब और 45 लीटर देशी शराब, कुल 4,560 लीटर शराब का सतौली क्षेत्र में जेसीबी की सहायता से गड्ढा खुदवाकर नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत ₹45,37,000 आंकी गई है।
पूरी कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त एत्मादपुर तथा पंचनामा के लिए नियुक्त टीम की मौजूदगी में संपन्न हुई। कार्रवाई को पारदर्शी बनाए रखने के लिए मौके पर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ऑपरेशन क्लीन के तहत विभिन्न मामलों में जब्त अवैध शराब एवं अन्य माल का न्यायालय के आदेशानुसार नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। थाना एत्मादपुर पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता भी सामने आई है।