संजय प्लेस के फ्रैंडस टावर के बेसमेंट में लगी भीषण आग, धुएं से मची अफरा-तफरी; दमकल ने पाया काबू
आगरा। शहर के व्यस्त संजय प्लेस इलाके में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फ्रैंडस टावर के बेसमेंट में स्थित विज्ञापन के फ्लेक्सी बनाने वाले सामान के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बेसमेंट से धुआं उठने लगा, जिससे टावर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया गया है कि फ्रैंडस टावर के बेसमेंट में विज्ञापन के लिए इस्तेमाल होने वाले फ्लेक्सी बनाने के सामान का गोदाम है। टावर के भूतल और अन्य तलों पर विभिन्न कार्यालय संचालित होते हैं। सुबह के समय गोदाम में अचानक आग लग गई और धुआं तेजी से आसपास फैलने लगा।
जिम में व्यायाम कर रहे लोगों ने दी सूचना
घटना के समय टावर स्थित जिम में कुछ लोग व्यायाम कर रहे थे। बेसमेंट से धुआं उठता देखकर उन्होंने तत्काल आग की जानकारी दी। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
आग की सूचना दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।
गोदाम का सामान जलकर हुआ राख
दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को ज्यादा फैलने से रोक लिया गया, लेकिन तब तक बेसमेंट स्थित गोदाम में रखा काफी सामान जलकर स्वाहा हो चुका था। आग से गोदाम में रखे फ्लेक्सी एवं अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दमकल विभाग की टीम द्वारा आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।