आगरा में फर्जी बैनामा कर 41.44 लाख की ठगी, शातिर आरोपी बीटू यादव गिरफ्तार
आगरा। फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का फर्जी बैनामा करने और लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ थाना बमरौली कटारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आरोप है कि बीटू यादव उर्फ बिहारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर भूमि के कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और षड्यंत्रपूर्वक दूसरी जमीन दिखाकर एक प्लॉट का फर्जी बैनामा कर दिया। इस धोखाधड़ी के जरिए पीड़िता से 41.44 लाख रुपये हड़प लिए गए।
गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रिंग रोड स्थित रमाडा कट के पास से आरोपी बीटू यादव उर्फ बिहारी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन तथा घटना में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी बरामद हुई, जिन्हें पुलिस ने साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
थाना बमरौली कटारा पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने फर्जी बैनामों के जरिए अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।