ताजमहल पर ड्यूटी के दौरान एएसआई के एमटीएस कर्मचारी की मौत, अस्पताल में मृत घोषित; परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 5 अगस्त 2026

ताजमहल पर ड्यूटी के दौरान एएसआई के एमटीएस कर्मचारी की मौत, अस्पताल में मृत घोषित; परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

ताजमहल पर ड्यूटी के दौरान एएसआई के एमटीएस कर्मचारी की मौत, अस्पताल में मृत घोषित; परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

आगरा। ताजमहल के पश्चिमी गेट पर ड्यूटी के दौरान एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) के एक कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया।

मृतक की पहचान सिकंदरा निवासी कैलाश के रूप में हुई है, जो एएसआई में एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार सुबह वह रोजाना की तरह साइकिल से घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। ताजमहल के पश्चिमी गेट की पार्किंग में साइकिल खड़ी करने के बाद जैसे ही वह परिसर की ओर जा रहे थे, अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उन्हें शांति मांगलिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका कहना था कि चिकित्सकों ने कैलाश को भर्ती किए बिना ही मृत घोषित कर दिया और समय पर उचित उपचार मिलता तो उनकी जान बचाई जा सकती थी।

सूचना मिलने पर बसई चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल प्रशासन की ओर से आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

video

Pages