फर्जी प्लॉट का बैनामा कर 41.44 लाख रुपये हड़पने के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना बमरौली कटारा पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी प्लॉट का बैनामा करने और धोखाधड़ी से लाखों रुपये हड़पने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर मदरा अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।
फर्जी जमीन दिखाकर कराया बैनामा
पुलिस के अनुसार, थाना बमरौली कटारा में एक महिला की ओर से तहरीर दी गई थी कि जोगेंद्र सिंह, बीटू यादव उर्फ देवकीनंदन पुत्र पोहप सिंह सहित अन्य लोगों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसे फर्जी प्लॉट का बैनामा कर दिया। इसके एवज में पीड़िता ने आरोपियों को 41 लाख 44 हजार 280 रुपये नकद और बैंक के माध्यम से भुगतान किए थे।
बैनामा होने के बाद जब पीड़िता ने प्लॉट पर कब्जा लेने का प्रयास किया तो जमीन पर मालिकाना हक रखने वाले व्यक्ति ने उसे बताया कि उक्त जमीन उसकी है। जानकारी होने पर पीड़िता ने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
मुकदमा दर्ज कर शुरू की गई थी जांच
मामले में थाना बमरौली कटारा पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 89/2026 के तहत धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) और 351(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस टीम वांछित आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रकरण में संलिप्त जोगेंद्र पुत्र मोहर सिंह, निवासी ग्राम एत्मादपुर को मदरा अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य लोगों और फर्जी दस्तावेज तैयार करने से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।