तेजतर्रार थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार की सधी रणनीति से ट्रांस यमुना पुलिस का बड़ा वार, 45 लाख की अवैध शराब पकड़ी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 12 अगस्त 2026

तेजतर्रार थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार की सधी रणनीति से ट्रांस यमुना पुलिस का बड़ा वार, 45 लाख की अवैध शराब पकड़ी

तेजतर्रार थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार की सधी रणनीति से ट्रांस यमुना पुलिस का बड़ा वार, 45 लाख की अवैध शराब पकड़ी

अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह पर कसा शिकंजा, 415 पेटी पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

जनपद आगरा मुनीष अल्वी:- अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई, सूचनाओं पर त्वरित एक्शन और टीम के साथ बेहतर समन्वय के लिए थाना ट्रांस यमुना के थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार की कार्यशैली इन दिनों चर्चा में है। उनकी अगुवाई में ट्रांस यमुना पुलिस लगातार अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए करीब 45 लाख रुपये कीमत की 415 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की इस कार्रवाई ने शराब तस्करों के उस नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है, जो पंजाब से अवैध शराब लाकर दूसरे राज्यों में खपाने का काम कर रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक, दो मोबाइल फोन और 4,580 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

बताया गया कि 10 अगस्त की रात थाना ट्रांस यमुना पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में पंजाब मार्का अवैध अंग्रेजी शराब भरकर बिहार सप्लाई के लिए ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार ने पुलिस टीम को तत्काल सक्रिय किया और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कराई गई।

पुलिस टीम ने झरना नाले के पास फिरोजाबाद की ओर जाने वाले हाईवे पर संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में शराब की पेटियां देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। ट्रक से कुल 415 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

बरामद शराब में 276 पेटी यानी 3,312 बोतल 750 एमएल Royal Stag Rich Exquisite Whisky तथा 139 पेटी यानी 1,668 बोतल 750 एमएल Imperial Blue Reserve Grain Whisky शामिल है। पुलिस ने मौके से राजस्थान के बाड़मेर निवासी डालूराम और नानगाराम को गिरफ्तार किया।

पंजाब से बिहार तक फैला था तस्करी का नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई अहम जानकारी दी। आरोपियों के अनुसार शराब पंजाब से लोड कराई गई थी और इसे बिहार पहुंचाया जाना था। पूछताछ में विजय निवासी बहादुरगढ़, हरियाणा और दीपक उर्फ दीपराम का नाम भी सामने आया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी डालूराम करीब छह साल से दीपक के यहां ड्राइवर का काम करता था, जबकि नानगाराम उसका हेल्पर था। शराब से भरा ट्रक उन्हें सहारनपुर में उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद उन्हें बिहार पहुंचकर शराब की डिलीवरी करनी थी।

आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि इस काम के बदले मैनेजर दीपक द्वारा डालूराम को करीब 50 हजार रुपये और नानगाराम को 20 हजार रुपये प्रति चक्कर दिए जाते थे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि शराब तस्करी का यह नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर संचालित हो रहा था।

थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार की कार्यशैली बनी चर्चा का विषय

थाना ट्रांस यमुना की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार की तेजतर्रार और परिणाम देने वाली पुलिसिंग की चर्चा हो रही है। अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख और पुलिस टीम को सक्रिय रखते हुए कार्रवाई कराने की उनकी कार्यशैली का असर क्षेत्र में साफ दिखाई दे रहा है।

थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम न केवल सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही है, बल्कि अपराध के पीछे छिपे नेटवर्क तक पहुंचने पर भी जोर दे रही है। यही वजह है कि ट्रांस यमुना पुलिस की कार्रवाई में केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक मामला सीमित नहीं रहता, बल्कि उनके सहयोगियों और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस की इस कार्रवाई को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब की बरामदगी से तस्करों की एक बड़ी खेप रास्ते में ही पकड़ी गई। यदि यह खेप अपने गंतव्य तक पहुंच जाती तो बड़ी मात्रा में अवैध शराब बाजार में खपाई जा सकती थी।

अपराधियों में पुलिस की सख्ती का संदेश

थाना ट्रांस यमुना पुलिस की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में पुलिस का खौफ बढ़ा है। थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार की सक्रियता और पुलिस टीम की सतर्कता के चलते मुखबिर तंत्र को मजबूत करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना ट्रांस यमुना में मु0अ0सं0 278/2026, धारा 60, 63, 72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस अंतरराज्यीय नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने की तैयारी में जुटी है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनीष पटेल, विक्रम सिंह, रामसजीवन, ऋषि कुमार, मोहित कुमार, गुरविंदर सिंह समेत हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ट्रांस यमुना पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार की अगुवाई में पुलिस अपराधियों को सिर्फ पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध की जड़ों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में काम कर रही है।

video

Pages