आगरा: सोती बुजुर्ग महिला के हाथ से कंगन उतारने वाले दो चोर गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
आगरा के थाना कमला नगर क्षेत्र में घर में घुसकर सो रही बुजुर्ग महिला के हाथ से जबरन सोने के कंगन उतारने और नकदी चोरी करने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए पीली धातु के कंगनों के टुकड़े और नकदी बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 की रात करीब तीन बजे अज्ञात चोर वादिया के घर में घुस गए। आरोपियों ने सो रही वृद्ध महिला के हाथ से दो सोने के कंगन जबरन निकाल लिए, जिससे उनके हाथ में चोट भी लग गई। इसके अलावा पर्स से एक हजार रुपये और दो छोटे गैस सिलेंडर भी चोरी कर लिए गए। पीड़िता की तहरीर पर थाना कमला नगर में मुकदमा अपराध संख्या 162/2026 धारा 305(ए) एवं 331(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुष्पांजलि कॉलोनी, मनोहरपुर के पास से दो आरोपियों शाहरुख और मोनू को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना से संबंधित पीली धातु के कंगनों के आठ टुकड़े, जिनका कुल वजन 24.10 ग्राम है, तथा 270 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी सलमान पुत्र नाजिर खान, निवासी शाह नगर बंबा, टेड़ी बगिया, थाना ट्रांस यमुना, आगरा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।