आगरा में सवारियों से भरा ऑटो पानी से भरे गड्ढे में पलटा, मची चीख-पुकार; हाइड्रा से निकाला गया ऑटो, किशोरी की हालत गंभीर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 8 अगस्त 2026

आगरा में सवारियों से भरा ऑटो पानी से भरे गड्ढे में पलटा, मची चीख-पुकार; हाइड्रा से निकाला गया ऑटो, किशोरी की हालत गंभीर

आगरा में सवारियों से भरा ऑटो पानी से भरे गड्ढे में पलटा, मची चीख-पुकार; हाइड्रा से निकाला गया ऑटो, किशोरी की हालत गंभीर

आगरा। शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद जलभराव के बीच आगरा में बड़ा हादसा हो गया। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में पीलाखार की पुलिया के पास नगला बिहारी गांव जाने वाली सड़क पर सवारियों से भरा एक ऑटो अचानक पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गया। देखते ही देखते ऑटो सवार पांच लोग पानी में डूबने लगे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए राहत और बचाव शुरू किया। लोगों ने किसी तरह ऑटो में फंसे सवारियों को गहरे पानी से बाहर निकाला। हादसे में एक किशोरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे मौके पर ही सीपीआर दिया गया, जिसके बाद उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जलभराव के बीच गड्ढे में चला गया ऑटो का पहिया

बताया गया है कि बारिश के बाद पीलाखार की पुलिया के पास सड़क पर काफी जलभराव हो गया था। इसी दौरान पांच सवारियों को लेकर एक ऑटो चालक जलभराव के बीच से गुजर रहा था। पानी के कारण सड़क पर बने गहरे गड्ढे का अंदाजा नहीं लग सका और ऑटो का पहिया उसमें चला गया।

अचानक पहिया गड्ढे में जाने से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। गड्ढा इतना गहरा था कि ऑटो देखते ही देखते पानी में डूबने लगा और उसमें सवार पांचों लोग भी पानी में फंस गए।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े आसपास के लोग

ऑटो के गड्ढे में पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपनी जान की परवाह किए बिना बचाव कार्य में जुट गए। लोगों ने पानी में उतरकर ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

एक किशोरी की हालत गंभीर होने पर स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल सीपीआर दिया। इसके बाद उसे अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस पहुंची, हाइड्रा से बाहर निकाला गया ऑटो

हादसे की सूचना मिलते ही थाना एत्माद्दौला पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पानी में पूरी तरह डूब रहे ऑटो को हाइड्रा की मदद से गड्ढे से बाहर निकाला गया।

बारिश के बाद सड़क पर हुए जलभराव और गहरे गड्ढे ने हादसे की गंभीरता को बढ़ा दिया। स्थानीय लोगों ने सड़क की स्थिति और जलभराव को लेकर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

video

Pages