कूटरचित दस्तावेजों से फर्जी बैनामा कराने वाले गिरोह का आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 13 अगस्त 2026

कूटरचित दस्तावेजों से फर्जी बैनामा कराने वाले गिरोह का आरोपी गिरफ्तार

कूटरचित दस्तावेजों से फर्जी बैनामा कराने वाले गिरोह का आरोपी गिरफ्तार

आगरा। कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से जमीनों के फर्जी बैनामे कराने के मामले में थाना एकता पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर मोटी कमीशन लेकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीनों की रजिस्ट्री कराने वाले गिरोह में शामिल होने का आरोप है।

पुलिस को दी गई तहरीर में वादी ने आरोप लगाया कि शैलेन्द्र पचौरी, पदम सिंह, ईश्वरी प्रसाद समेत 26 अन्य आरोपियों द्वारा मोटी कमीशन लेकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीनों के फर्जी बैनामे कराए गए। वादी के अनुसार, जब उसने इन गतिविधियों का विरोध किया तो आरोपियों की ओर से उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना एकता में मु0अ0सं0 227/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2), 351(2) और 329 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।

घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना एकता पुलिस की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शैलेन्द्र पचौरी को गुतिला पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है। फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीनों के बैनामे कराने के इस पूरे नेटवर्क से जुड़े तथ्यों को पुलिस जांच के माध्यम से सामने लाने का प्रयास कर रही है।

video

Pages