नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में अभियुक्त गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद
आगरा। थाना एत्मादपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका के घर से लापता होने के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, वादी ने थाना एत्मादपुर में अपनी नाबालिग पुत्री के घर से गायब होने और काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चलने के संबंध में तहरीर दी थी। इस आधार पर थाना एत्मादपुर में मुकदमा संख्या 207/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
घटना के सफल अनावरण के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम चेकिंग और गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुकदमे में प्रकाश में आए अभियुक्त को सतौली कट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 64(2)(M)/87 बीएनएस तथा धारा 5(L)/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, थाना एत्मादपुर पुलिस टीम ने लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।