मानदेय न मिलने पर आगरा में पीआरडी जवानों का हंगामा, विकास भवन में धरने पर बैठे
आगरा। लंबे समय से मानदेय का भुगतान न होने से नाराज सैकड़ों पीआरडी जवानों ने मंगलवार को आगरा के विकास भवन पहुंचकर हंगामा किया। जवानों ने सीडीओ प्रतिभा सिंह के कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी की और लंबित मानदेय का जल्द भुगतान कराने की मांग उठाई।
पीआरडी जवानों के प्रदर्शन के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी और जिला विकास अधिकारी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन जवान अपनी मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक समझाने के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ तो सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे।
सिटी मजिस्ट्रेट ने पीआरडी जवानों को उनके रुके हुए मानदेय के भुगतान का आश्वासन दिया। इसके बाद जवानों ने अपना धरना समाप्त किया और स्थिति सामान्य हुई।
कई वर्षों से मानदेय लंबित होने का आरोप
पीआरडी जवानों का आरोप है कि अलग-अलग विभागों में कई वर्षों से ड्यूटी करने के बावजूद उनका मानदेय लंबित है। जवानों का कहना है कि पीएमश्री स्कूलों में ड्यूटी लगाए जाने के बाद से अब तक उन्हें एक बार भी भुगतान नहीं किया गया है।
जवानों ने अपनी समस्याओं को लेकर डीडीओ रेणु कुमारी को ज्ञापन सौंपा और लंबित मानदेय का जल्द भुगतान कराने की मांग की।
आगरा में करीब 430 पीआरडी जवान पंजीकृत
बताया गया है कि आगरा जिले में करीब 430 पीआरडी जवान पंजीकृत हैं। इनमें औसतन 250 से 350 जवान अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी करते हैं। जवानों का कहना है कि नियमित रूप से ड्यूटी करने के बावजूद समय पर मानदेय नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल अधिकारियों के आश्वासन के बाद पीआरडी जवान शांत हुए हैं और अब उन्हें लंबित मानदेय के भुगतान का इंतजार है।