जैतपुर में ऑनर किलिंग का मामला, कोर्ट मैरिज से नाराज पिता ने बेटी की गला दबाकर की हत्या, गिरफ्तार
आगरा। थाना जैतपुर क्षेत्र में कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने किशोरी की गला दबाकर हत्या करने के आरोप में उसके पिता को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बेटी द्वारा बिना बताए एक युवक के साथ कोर्ट मैरिज करने से नाराज होकर उसने परिजनों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार थाना जैतपुर को सूचना मिली कि प्रतापनगर कस्बा निवासी विमल कुमार ने अपनी पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। मामले में थाना जैतपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 58/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी विमल शर्मा पुत्र स्वर्गीय रघुवीर सिंह, निवासी मोहल्ला प्रतापनगर, कस्बा एवं थाना जैतपुर को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पुत्री ने बिना परिवार को बताए एक युवक के साथ कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसी बात से नाराज होकर उसने आवेश में आकर अन्य परिजनों के साथ मिलकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मामले में अन्य परिजनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।