टेडी बगिया में अकीदत के साथ निकला ईद मिलादुन्नबी का जुलूस, सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस
आगरा। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौमे-पैदाइश के अवसर पर बुधवार को टेडी बगिया क्षेत्र में ईद मिलादुन्नबी का जुलूस अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस में मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर पैगंबर साहब के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। जुलूस के दौरान नबी की शान में नारे गूंजते रहे और पूरा क्षेत्र धार्मिक माहौल से सराबोर नजर आया।
जुलूस शाह नगर बंबा से शुरू होकर इस्लाम नगर, 100 फुटा रोड होते हुए पुनः शाह नगर पहुंचा, जहां जुलूस का समापन किया गया। रास्तेभर लोगों ने उत्साह के साथ जुलूस में सहभागिता की। आयोजन के दौरान शांति और सौहार्द का माहौल बनाए रखने पर भी विशेष जोर रहा।
जुलूस को लेकर मुड़ी चौकी पुलिस और थाना ट्रांस यमुना पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मी पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी। पुलिस की मुस्तैदी के चलते जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर नूरानी मस्जिद के इमाम शमशाद अली, टेडी बगिया के पार्षद सज्जन अली, आकिल अब्बास, सादिक अल्वी, आमिर खान, नौशाद अब्बास, सोनू खान, साबिर अली, शरीफ मलिक,आरिफ अब्बास,साहिल खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जुलूस के समापन के बाद लोगों ने आपसी भाईचारे, अमन और सौहार्द का संदेश दिया।