संसद में उठा आगरा के रेलवे स्टेशनों के विकास का मुद्दा, अमृत भारत योजना के तहत ईदगाह स्टेशन का कार्य पूरा
आगरा। राज्यसभा सांसद Naveen Jain ने संसद में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आगरा के रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का मुद्दा उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार से योजना के तहत हुए कार्यों, यात्रियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं, परियोजनाओं की प्रगति और अब तक हुए व्यय की जानकारी मांगी।
सांसद के तारांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आगरा ईदगाह जंक्शन का पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है। वहीं अछनेरा, आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी और राजा की मंडी रेलवे स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्य तेजी से जारी हैं।
रेल मंत्रालय के अनुसार अछनेरा रेलवे स्टेशन पर नए स्टेशन भवन का संरचनात्मक कार्य, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म शेल्टर, पार्किंग और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण पूरा हो चुका है। लिफ्ट, प्लेटफॉर्म सुधार, दिव्यांगजन सुविधाओं और स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े कार्य अभी प्रगति पर हैं।
आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर पार्किंग, प्रवेश क्षेत्र, प्लेटफॉर्म सुधार और स्टेशन परिसर के विकास का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि दूसरे प्रवेश द्वार की ओर स्टेशन भवन के उन्नयन का कार्य शुरू हो चुका है।
फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन पर नया स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, शौचालय, पार्किंग, प्लेटफॉर्म शेल्टर सहित अधिकांश विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है।
राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर नया स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, बुकिंग काउंटर, पार्किंग, प्लेटफॉर्म सुधार और अन्य यात्री सुविधाओं का कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि आगरा विश्व पर्यटन का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा। उन्होंने कहा कि संसद में यह विषय उठाने का उद्देश्य आगरा के लोगों को यह जानकारी देना था कि शहर के रेलवे स्टेशनों पर कौन-कौन से विकास कार्य पूरे हो चुके हैं और किन परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
रेल मंत्री ने अपने उत्तर में बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर में 1,340 रेलवे स्टेशनों का चयन किया गया है। इनमें से 261 स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष स्टेशनों पर चरणबद्ध तरीके से कार्य जारी है। योजना के लिए अब तक ₹46,704 करोड़ का आवंटन किया गया है, जबकि जून 2026 तक ₹38,132 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं। मंत्रालय के अनुसार विभिन्न वैधानिक स्वीकृतियों, उपयोगिताओं के स्थानांतरण और रेलवे परिचालन को प्रभावित किए बिना निर्माण कार्य कराने जैसी तकनीकी प्रक्रियाओं के कारण परियोजनाएं चरणबद्ध ढंग से पूरी की जा रही हैं। योजना के तहत स्टेशन भवनों का आधुनिकीकरण, बेहतर प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, दिव्यांगजन सुविधाएं, फुट ओवरब्रिज, पार्किंग और अन्य आधुनिक यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।