पालीवाल पार्क में बनेगा ‘गार्डन ऑफ नॉलेज’, इतिहास, विज्ञान और क्रांतिकारियों की झलक से सजेगा पार्क
आगरा। ताजनगरी के पालीवाल पार्क को अब ज्ञान, इतिहास और विज्ञान के अनूठे संगम के रूप में विकसित किया जा रहा है। पार्क में बन रहा ‘ज्ञानोदयन’ यानी गार्डन ऑफ नॉलेज शहरवासियों के लिए बेहद खास आकर्षण बनने जा रहा है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने रविवार को पालीवाल पार्क में चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर निगम द्वारा पालीवाल पार्क स्थित टाउन हॉल पुस्तकालय और सिटी म्यूजियम में कराए जा रहे निर्माण, जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने ले-आउट प्लान के माध्यम से पूरे प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी ली और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
पुरानी आगरा की गलियों और इतिहास की दिखेगी झलक
टाउन हॉल पुस्तकालय के ग्राउंड फ्लोर पर जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है। यहां आगरा के प्राचीन मोहल्लों और उनसे जुड़े इतिहास को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा। बजीरपुरा और उससे जुड़ी स्वतंत्रता आंदोलन की गतिविधियां, दरेसी, राजामंडी, किनारी बाजार सहित शहर के ऐतिहासिक क्षेत्रों की जानकारी म्यूरल वॉल के माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी।
पुस्तकालय में आने वाले पाठकों को डिजिटल सुविधाओं के साथ अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी योजना है। वहीं प्रथम तल पर सिटी म्यूजियम से संबंधित कार्य प्रगति पर हैं। पुस्तकालय परिसर में ओपन ऑडिटोरियम और फसाड लाइटिंग का कार्य भी कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में उच्च गुणवत्ता की टाइल्स, बेहतर सीटिंग अरेंजमेंट और फोटो गैलरी विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुस्तकालय में दीमक से बचाव के लिए ट्रीटमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय में पूरा कराने को कहा।
ऋषि-मुनियों से लेकर क्रांतिकारियों तक की दिखेगी कहानी
इसके बाद जिलाधिकारी पालीवाल पार्क में विकसित किए जा रहे ‘ज्ञानोदयन’/गार्डन ऑफ नॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे। निर्माणदायी संस्था से पार्क के विकास की विस्तृत जानकारी लेते हुए उन्होंने प्रस्तावित कार्यों की प्रगति जानी।
गार्डन ऑफ नॉलेज को ऐसा स्वरूप दिया जा रहा है, जहां लोगों को भारत के प्राचीन विज्ञान, चिकित्सा और ज्ञान परंपरा के साथ-साथ स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास की झलक भी देखने को मिलेगी। पार्क में आर्यभट्ट, सुश्रुत, वराहमिहिर, चरक और वेदव्यास जैसे महान ऋषि-विज्ञानियों की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही आगरा से जुड़े क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह जैसे महानायकों की प्रतिमाएं भी पार्क की शोभा बढ़ाएंगी।
गार्डन ऑफ नॉलेज में करीब 560 मीटर लंबे वॉकिंग ट्रैक का निर्माण किया गया है। पार्क में वॉल म्यूरल, रेन वाटर सिस्टम और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी कराए जा रहे हैं।
मॉर्निंग वॉक के साथ योग का भी मिलेगा स्थान
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पार्क में आने वाले मॉर्निंग वॉकर्स की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने योगा प्लेटफॉर्म विकसित करने के साथ वॉकिंग ट्रैक को बेहतर और सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए। उद्यान विभाग से समन्वय स्थापित कर पार्क के सौंदर्यीकरण के कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूरे किए जाएं। गार्डन ऑफ नॉलेज के तैयार होने के बाद पालीवाल पार्क न केवल शहरवासियों के लिए मॉर्निंग वॉक और मनोरंजन का बेहतर स्थान बनेगा, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय ज्ञान परंपरा, विज्ञान और स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से परिचित कराने का भी महत्वपूर्ण केंद्र बन सकेगा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जुबेर बेग, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कंसल्टेंट एजेंसी के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।