श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पश्चिमी जोन की बैठक
आगरा। प्रभारी पुलिस उपायुक्त पश्चिमी, आगरा द्वारा पुलिस लाइंस स्थित प्रशांत मेमोरियल हॉल में पश्चिमी जोन के समस्त सहायक पुलिस आयुक्त एवं थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी श्रावण मास के तृतीय सोमवार, कांवड़ यात्रा एवं परिक्रमा मार्ग की सुरक्षा-व्यवस्था के साथ-साथ यातायात प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा एवं परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी निगरानी, नियमित भ्रमण तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए थानों एवं एसीपी कार्यालयों पर होने वाली जनसुनवाई को प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
विवेचनाओं की समीक्षा के दौरान लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा विवेचनाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित एवं प्रभावी समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
माननीय न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में थानों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन और उनकी रिकॉर्डिंग को निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही यक्ष पोर्टल के सुचारू क्रियान्वयन तथा माल निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने, नियमित भ्रमण करने तथा प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आगामी धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर ढंग से बनाए रखा जा सके।