आगरा: ऑनलाइन कोचिंग के बहाने छात्रा को होटल बुलाया, शोर मचाने पर लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन कोचिंग के नाम पर एक छात्रा को होटल बुलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने पढ़ाई और कोचिंग का झांसा देकर छात्रा को होटल में बुलाया। कमरे का दरवाजा बंद होते ही छात्रा को स्थिति संदिग्ध लगी तो उसने साहस दिखाते हुए शोर मचा दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने छात्रा को पढ़ाई से संबंधित बात कहकर सिकंदरा स्थित एक होटल में बुलाया था। छात्रा के पहुंचने पर युवक उसे होटल के कमरे में ले गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। खुद को असुरक्षित महसूस होने पर छात्रा ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी बीच उसने किसी तरह अपने भाई को फोन कर पूरी घटना की जानकारी भी दे दी।
सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन और स्थानीय लोग होटल पहुंच गए। उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामा हुआ और गुस्साए लोगों ने युवक की पिटाई भी कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया। पुलिस उसे थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला ऑनलाइन कोचिंग के बहाने छात्रा को होटल बुलाने से जुड़ा है। पुलिस होटल कर्मचारियों, छात्रा और आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।