आगरा: अंबेडकर पुल से यमुना में कूदने जा रहे बुजुर्ग की युवक ने बचाई जान, पारिवारिक विवाद की बात आई सामने
आगरा में गुरुवार शाम अंबेडकर पुल पर एक बड़ा हादसा टल गया। पारिवारिक विवाद से परेशान एक बुजुर्ग यमुना नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या करने के लिए पुल की रेलिंग पर चढ़ गए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बुजुर्ग को समझाकर शांत कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब पांच बजे बुजुर्ग अंबेडकर पुल के फुटपाथ पर अपना मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान रखकर रेलिंग पर चढ़ गए थे। वह नदी में छलांग लगाने ही वाले थे कि एक राहगीर की नजर उन पर पड़ गई। युवक तुरंत दौड़कर पहुंचा और उन्हें पकड़कर सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर पूछताछ के दौरान बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि उनके दोनों बेटे और बहुएं उनके साथ मारपीट करते हैं तथा उन्हें ठीक से भोजन भी नहीं दिया जाता। उन्होंने बताया कि इसी मानसिक तनाव के कारण उन्होंने आत्मघाती कदम उठाने का निर्णय लिया।
वहीं, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बेटों ने इन आरोपों से इनकार किया। उनका कहना था कि उनके पिता शराब का अधिक सेवन करते हैं और अक्सर इस तरह की हरकत कर परिवार को परेशानी में डाल देते हैं। उन्होंने पुलिस से आसपास के लोगों से भी जानकारी लेने की बात कही।
रामबाग डिवीजन चौकी प्रभारी आदित्य वाजपेयी ने बताया कि घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों से बातचीत कर बुजुर्ग को परिजनों के साथ घर भेज दिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।