सीडीओ ने किया एकलव्य स्टेडियम के जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 4 अगस्त 2026

सीडीओ ने किया एकलव्य स्टेडियम के जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

 सीडीओ ने किया एकलव्य स्टेडियम के जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

आगरा। जनपद के एकलव्य स्टेडियम में खेल विभाग से प्राप्त धनराशि से कराए जा रहे विभिन्न अवस्थापनाओं के जीर्णोद्धार कार्यों का सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को समयबद्ध ढंग से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (आपूर्ति), क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था यू.पी. प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड, निर्माण इकाई-4 आगरा के प्रोजेक्ट मैनेजर भी मौजूद रहे। स्टेडियम में कुल 14 अवस्थापनाओं के सापेक्ष 11 पर कार्य चलता हुआ पाया गया।

सीडीओ ने कार्यों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी मिलने पर कार्यदायी संस्था को प्रत्येक अवस्थापना के लिए अलग-अलग समय-सीमा निर्धारित कर कार्य प्रगति का चार्ट तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान शूटिंग यार्ड में कोई कार्य होता नहीं मिला, जिस पर अधिकारियों ने तत्काल कार्य शुरू कर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं टेबल टेनिस कोर्ट, शौचालय और जिम कोर्ट में निर्माण कार्य चलता मिला, जिन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए कहा गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।

इसके अलावा बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक और बैडमिंटन कोर्ट के जीर्णोद्धार में खेल विशेषज्ञों की राय लेकर आधुनिक तकनीकी मानकों को शामिल करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

video

Pages