आगरा समेत यूपी में 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, घर बैठे दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी
30 नवंबर तक चलेगा पहला चरण, 1 दिसंबर से शुरू होगा घर-घर जनगणना का काम; पहचान संख्या संभालकर रखना जरूरी
आगरा। जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश में जनगणना के द्वितीय चरण के तहत पहले स्व-गणना कराई जाएगी। इसके लिए 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक की अवधि निर्धारित की गई है। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का क्षेत्रीय कार्य करेंगे। जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी मनीष बंसल ने जिले के लोगों से स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे जानकारी
स्व-गणना के दौरान नागरिक भारत सरकार के आधिकारिक जनगणना पोर्टल पर उपलब्ध सुविधा के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने के बाद एक स्व-गणना पहचान संख्या प्राप्त होगी। इसे सुरक्षित रखना होगा और जनगणना कर्मी के घर पहुंचने पर सत्यापन के लिए उपलब्ध कराना होगा।
परिवार के अन्य सदस्यों को भी इस पहचान संख्या की जानकारी देने की अपील की गई है, ताकि किसी सदस्य की अनुपस्थिति में भी सत्यापन की प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके। यदि पूरा परिवार यात्रा पर जा रहा हो तो पहचान संख्या एक पर्ची पर लिखकर घर के दरवाजे पर चिपकाई जा सकती है, ताकि जनगणना कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।
जनगणना कर्मी नहीं मांगेंगे दस्तावेज या ओटीपी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना कर्मी किसी भी प्रकार का दस्तावेज अथवा एक बार उपयोग होने वाला संकेतांक (ओटीपी) नहीं मांगेंगे। कर्मी निर्धारित आधिकारिक प्रश्नों के आधार पर ही जानकारी प्राप्त करेंगे। लोगों से अपनी और परिवार के सदस्यों की सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों को अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है। किसी भी तरह का संशय होने पर हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि सही जनगणना आंकड़े बेहतर योजनाओं के निर्माण और प्रभावी जनकल्याण का आधार होते हैं। उन्होंने जिलेवासियों से जनगणना-2027 को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।